10 शातिर अरेस्ट, वाराणसी पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
VARANASI NEWS: कैंट पुलिस और एसओजी 01 की संयुक्त टीम ने बिहार के शातिर टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन एक्सयूवी 700 (कीमत करीब 18 लाख रुपये) बरामद किया गया है। इस अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल द्वारा की जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं और लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र मिश्रा, मृत्युंजय कुमार सिंह, कुनाल कुमार तिवारी, राजू पांडेय, राजेश्वर तिवारी, राहुल तिवारी, सूरज तिवारी, संजय तिवारी, रिक्की तिवारी उर्फ अनिकेत और मुकुल तिवारी शामिल हैं। सभी की उम्र 22 से 50 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को झांसा देकर पैसे और कीमती सामान पार करने में माहिर था। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है और अन्य राज्यों से भी संपर्क किया जा रहा है।







