आई तुलजा भवानी मंदिर में धार्मिक विधि-विधान के साथ नववर्ष का स्वागत, महिलाओं ने हल्दी-कुमकुम कर दी शुभकामनाएं
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। जीजा माता मराठा महिला मंडल द्वारा आई तुलजा भवानी मंदिर के प्रांगण में गुड़ी पड़वा का पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भवानी के आशीर्वाद के साथ हुई, जिसके बाद मंदिर प्रांगण को रंगोली एवं फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया।
इस अवसर पर विधिवत गौरी-गणेश की स्थापना की गई तथा उसके पश्चात गुड़ी स्थापित कर नववर्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को हल्दी-कुमकुम लगाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रूप से बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त किया। बड़ों ने भी सभी को आशीर्वाद देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस सांस्कृतिक आयोजन में भारती कदम, वसुधा कदम, राखी जाधव, रोशनी महाडिक, मनीषा भोंसले, प्रीति कदम, किरण मूले, रिचा ठाकरे एवं श्वेता घाटगे सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता एवं पारंपरिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान की।







