Home उत्तर प्रदेश बिजली समस्याओं को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

बिजली समस्याओं को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन कटौती बंद करने और 18 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग

FATEHPUR NEWS:  भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम के नेतृत्व में किसानों ने बिजली समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम कार्यालय में बैठक कर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इसके बाद किसानों ने मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन बिजली कटौती बंद की जाए। किसानों का कहना है कि रात में 5 से 7 घंटे तक बिजली कटौती होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकार द्वारा निर्धारित 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसानों ने कहा कि कृषि फीडर बनने के बाद रात के समय नलकूपों में पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जबकि अधिकांश किसान परिवार सहित नलकूपों पर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि विद्युत भंडार से नलकूप कनेक्शन में एस्टीमेट के अंतर्गत शामिल सभी सामान किसानों को उपलब्ध कराए जाएं, क्योंकि वर्तमान में पूरा सामान नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भीषण गर्मी को देखते हुए गांवों में बकाया बिल के नाम पर किसी भी किसान का बिजली कनेक्शन न काटा जाए। नलकूप कनेक्शन में ट्रांसफार्मर, तार, पोल व अन्य सामग्रियों की कीमतों में लगभग 40 प्रतिशत वृद्धि को वापस लेते हुए पुराने एस्टीमेट के अनुसार व्यवस्था लागू की जाए। किसानों ने 132 केवी पावर हाउस बेरा-गढ़वा से पलिया-सिठौरा पावर हाउस को तत्काल जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि पिछले छह माह से कार्य धीमी गति से चल रहा है। साथ ही ललौली-कोर्रा क्षेत्र में प्रस्तावित 132 केवी पावर हाउस का निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा सातों धरमपुर में निर्माणाधीन 132 केवी पावर हाउस को जल्द चालू कराने की मांग की गई। आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की भी मांग उठाई गई। इस अवसर पर प्रीतम सिंह, छोटे सिंह, डॉ. लल्लन, दीपक गुप्ता, अंकित सिंह चौहान, महेंद्र सिंह मदरिया, बबलू सिंह, अरुण प्रजापति, उमेश परमार, गुलाब सिंह यादव, सोनू सिंह, अजय सिंह, संजय तिवारी, रवि मोड़, अंगद सिंह, पुत्तन दुबे, आशु सिंह, रज्जन सिंह चौहान, रणजीत सिंह, बऊवन शुक्ला, शिवदधेश मौर्य, बवंडर सिंह, रजत मिश्रा, रवि देव सिंह, दुखी रमन तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।