Home उत्तर प्रदेश बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पावर हाउस घेरकर कराया समाधान

बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पावर हाउस घेरकर कराया समाधान

गुलाबी गैंग व ग्राम प्रधान के नेतृत्व में हुआ जोरदार प्रदर्शन

FATEHPUR NEWS: जनपद के बहुआ ब्लॉक के सुजानपुर गांव में लंबे समय से चले आ रहे बिजली संकट के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में महिलाओं और ग्रामीणों ने बहुआ पावर हाउस का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद बिजली विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी। बताया गया कि गांव के करीब 50 घरों और प्राथमिक विद्यालय में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। भीषण गर्मी के बीच बच्चे और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर थे। समस्या की जड़ यह थी कि घरेलू बिजली लाइन को ट्यूबवेल (कमर्शियल) लाइन से जोड़ दिया गया था, जिससे शाम होते ही बिजली कट जाती थी और पूरी रात गांव अंधेरे में डूबा रहता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने सक्रिय भूमिका निभाई और गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं व ग्रामीणों के साथ पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों के आक्रोश और दबाव को देखते हुए बिजली विभाग हरकत में आया और जेई कमल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुजानपुर गांव में निरीक्षण कर तत्काल घरेलू लाइन से कनेक्शन जोड़ने का कार्य शुरू कराया, जिससे समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू हो गई। जैसे ही गांव और विद्यालय में बिजली बहाली की पहल हुई, ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशील रवैये की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान राजरानी, प्रिया, सुमन, रेखा, कमला, शहरून, अमिता, रंजना, नीरज, शिवा, शुभम, अजय, रमेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।