Home उत्तर प्रदेश बिजली की अघोषित कटौती पर हिंदू महासभा का रोष, 17 जून को...

बिजली की अघोषित कटौती पर हिंदू महासभा का रोष, 17 जून को होगा घेराव

FATEHPUR NEWS: अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला इकाई की मासिक बैठक सोमवार को आईटीआई रोड स्थित कैंप कार्यालय में जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में हो रही बिजली की अघोषित कटौती को लेकर कार्यकर्ताओं ने गहरा रोष व्यक्त किया और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जिले में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा के विपरीत बिजली विभाग के अधिकारी मनमाने ढंग से विद्युत आपूर्ति बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली न आने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोग गर्मी से बेहाल हैं। मनोज त्रिवेदी ने कहा कि बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो गए हैं। शिकायत करने के लिए फोन किए जाने पर भी अधिकारी फोन रिसीव नहीं करते, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो 17 जून 2026 को बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडेय, संतोष नेता, अर्जुन वैद्य, एस.के. गुप्ता, ओमप्रकाश मौर्य, स्वामी गणेशानंद महाराज, शुभम सविता, महिला जिला अध्यक्ष संगीता गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, नीलम यादव सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।