BHADHAOI NEWS: भदोही पुलिस ने एचबीआई बिग बाजार कपड़ा दुकान में हुई चोरी का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक शातिर चोर रिंकू पुत्र श्याम धर मौर्या को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के 920 रुपये के सिक्के, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा के पर्यवेक्षण में गोपीगंज थाना पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। यह मामला थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0-331/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत पंजीकृत था। अभियुक्त के कब्जे से बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। शनिवार को गोपीगंज पुलिस टीम रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग और वांछित अपराधियों की तलाश में झिरिया पुल के नीचे जी.टी. रोड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 5/6 अगस्त 2026 की रात एचबीआई बिग बाजार में चोरी करने वाला व्यक्ति काली मंदिर, पिज्जा गार्डन की ओर से जी.टी. रोड की तरफ काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल से आ रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और काली मंदिर, मिर्जापुर रोड के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोक लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान अभियुक्त की कमर से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर और अलग-अलग पन्नियों में रखे 920 रुपये के सिक्के बरामद हुए। अभियुक्त मोटरसाइकिल के वैध अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके कारण वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रिंकू पुत्र श्याम धर मौर्या (लगभग 38 वर्ष) निवासी ग्राम महतुआ, थाना औराई, जनपद भदोही के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शशांक बाजपेई, हेड कांस्टेबल मिथिलेश सिंह, कांस्टेबल सुनील वर्मा और रिक्रूट कांस्टेबल शीलू गुप्ता शामिल थे।







