FATEHPUR NEWS: बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए विकासखंड हथगाम की ग्राम पंचायत इशहाकपुर और प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीण परंपरा विकास संगठन चित्रकूट, श्रम विभाग फतेहपुर और बाल कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान के दौरान बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणाम तथा बाल श्रम से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला समन्वयक पुष्पेंद्र और ब्लॉक समन्वयक आशुतोष कुमार (सोनू मोदनवाल) ने ग्रामीणों और बच्चों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। कम उम्र में विवाह और बच्चों से मजदूरी कराना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ शिक्षा के अधिकार में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने ग्रामीणों से बाल विवाह और बाल श्रम की घटनाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार ने भी छात्रों को अभियान के उद्देश्य और बच्चों के अधिकारों के बारे में जानकारी दी। अभियान के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि बाल विवाह या बाल श्रम की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग अथवा निर्धारित हेल्पलाइन पर सूचना दें। साथ ही बच्चों को विद्यालय से जोड़कर उनकी शिक्षा निरंतर जारी रखने में सहयोग करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में सहयोगी सुधांशु द्विवेदी के अलावा हरिओम, आकाश कुमार, संदीप कुमार साहू, मानवेंद्र सिंह, बीडीसी इरशाद अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







