Home उत्तर प्रदेश बारिश में दो मंजिला मकान का आधा हिस्सा भरभराकर गिरा

बारिश में दो मंजिला मकान का आधा हिस्सा भरभराकर गिरा

FATEHPUR NEWS: बिंदकी नगर के कृष्णगंज मोहल्ले में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक दो मंजिला मकान का आधा हिस्सा अचानक तेज आवाज के साथ भरभराकर ढह गया। हादसा भारत टेंट हाउस के पास हुआ, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि मकान कृष्णगंज निवासी रवि गुप्ता का है। रवि गुप्ता पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ पूना में रह रहे हैं, जिसके चलते मकान में अधिकांश समय ताला बंद रहता था। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान में सीलन आ गई थी। इसी के चलते मंगलवार को मकान का आधा हिस्सा अचानक ढह गया। वहीं बचा हुआ हिस्सा भी एक ओर झुक गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। मकान का हिस्सा गिरने से हजारों रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही कि जिस समय मकान का हिस्सा गिरा, उस समय अंदर या बाहर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जर्जर हो चुके बचे हुए हिस्से को लेकर भी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो झुका हुआ हिस्सा भी गिर सकता है।