सरकारी हैंडपंप तक पहुंचना भी बना चुनौती, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग; संक्रमण का खतरा बढ़ा
FATEHPUR NEWS: (शीबू खान) लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर पंचायत असोथर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। नगर पंचायत के प्रताप नगर झाल स्थित वार्ड नंबर-9 में जलभराव की गंभीर समस्या के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। वार्ड में कई दिनों से सड़क पर पानी भरा होने के कारण राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी जलभराव के बीच से निकलना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद यह समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई है जब वार्ड में स्थित सरकारी हैंडपंप भी जलभराव से घिर गया है। पेयजल लेने के लिए लोगों को गंदे पानी में उतरकर हैंडपंप तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे संक्रमण और जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत द्वारा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश में यही हालात बन जाते हैं। नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों और वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, नालियों की सफाई कराने तथा स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास के दावों के बीच वार्ड नंबर-9 की बदहाल तस्वीर नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेकर लोगों को राहत दिलाता है।
इस संबंध में नगर पंचायत का पक्ष जानने के लिए ईओ के नंबर पर कई बार फोन किया गया लेकिन उनका फोन उठा नहीं है।
क्या बोले नगर पंचायत क्षेत्र के मुहल्लेवासी:
1. हमारे वार्ड में लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। हमारे घरों के सामने पानी भरा रहने से हमें और हमारे वार्ड वालों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे-छोटे बच्चों को घर से निकलने में दिक्कत होती है और हर समय किसी अनहोनी का डर बना रहता है। हम लोगों ने कई बार संबंधित विभाग और नगर पंचायत से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन आज तक पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। सड़क पर लगे हैंडपंप के आसपास भी पानी भरा रहता है, जिससे हमें मजबूरी में उसी स्थान से पानी लेना पड़ता है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। हम ग्रामीणों का कहना है कि हमारे यहां नाली का निर्माण कराया जाए और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि हमें और हमारे गांव वालों को इस समस्या से राहत मिल सके। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराया जाए- मंजू देवी
2. हमारे यहां बरसात होते ही पूरे दरवाजे पर पानी भर जाता है। पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है। इस समस्या का समाधान तभी होगा जब यहां नाली का निर्माण कराया जाएगा और सड़क की भराई कर उसे ऊंचा किया जाएगा। हर साल बरसात में हम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द नाली और सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि हम लोगों को इस जलभराव की समस्या से राहत मिल सके-धर्म पाल दिवाकर
3. हमारे मोहल्ले में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। घरों के बाहर पानी भरा रहने से हम लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। सड़क और नाली न होने के कारण बरसात का पानी कई दिनों तक जमा रहता है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द नाली का निर्माण कराया जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि हम सभी ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके – आजम अहमद
4. हमारे वार्ड में जलभराव की समस्या काफी समय से बनी हुई है। घरों के सामने पानी भरा रहने से आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। सड़क पर लगे हैंडपंप के आसपास भी पानी जमा रहता है, जिससे उसी जगह से पानी भरना हमारी मजबूरी है और बीमारी फैलने का डर बना रहता है। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द नाली का निर्माण कराया जाए और पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि हम सभी ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिल सके – इब्राहिम टेलर
5. हम लोग वर्षों से इस जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। बारिश होते ही रास्ते तालाब बन जाते हैं और घरों के सामने पानी जमा हो जाता है। रोजमर्रा के काम करने और बच्चों को स्कूल भेजने में भी काफी दिक्कत होती है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से समस्या बताई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। हम चाहते हैं कि नाली का निर्माण कराया जाए और सड़क को सही कराया जाए, ताकि बरसात का पानी तुरंत निकल सके और हम लोगों को इस परेशानी से निजात मिल सके- राम सजीवन प्रजापति
6 . हमारे घर के सामने हमेशा पानी भरा रहता है। इसी पानी से होकर हमें और हमारे बच्चों को रोज निकलना पड़ता है। बरसात में हालात और भी खराब हो जाते हैं। गंदगी और जलभराव के कारण बीमारी फैलने का डर बना रहता है। कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द नाली का निर्माण कराया जाए और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि हम सभी ग्रामीणों को राहत मिल सके- सुनीता देवी












