Home उत्तर प्रदेश बारा तहसील परिसर में छज्जा गिरने से बाल बाल बचे लोग

बारा तहसील परिसर में छज्जा गिरने से बाल बाल बचे लोग

जर्जर भवन मे छज्जा गिरने की सूचना से अफरा तफरी का माहौल,जर्जर भवन की हालत पर अधिवक्ताओ ने जताया आक्रोश
PRAYAGRAJ NEWS: बारा तहसील परिसर में शुक्रवार को एक जर्जर भवन का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय बारजे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय कोई कर्मचारी, अधिवक्ता या फरियादी वहां से गुजर रहा होता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। बताया जा रहा है कि बारा तहसील परिसर में स्थित यह भवन काफी समय से जर्जर हालत में है। भवन की खराब स्थिति को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों का ध्यानआकर्षित कराया जा चुका है। प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने भी पहले तहसील परिसर का निरीक्षण किया था। उन्होंने जर्जर भवन की स्थिति देखकर नाराजगी व्यक्त की थी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक भवन की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है।स्थानीय लोगों और तहसील परिसर में आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि जर्जर भवन से आए दिन प्लास्टर के टुकड़े गिरते रहते हैं। इसके चलते कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और विभिन्न कार्यों से तहसील आने वाले फरियादियों के बीच हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। शुक्रवार को बारजा टूटने की घटना के बाद एक बार फिर जर्जर भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हालांकि, इस संबंध में उप जिलाधिकारी बारा शिखा शंखवार ने बताया कि जर्जर भवन का बारजा अचानक गिरा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके मद्देनजर बारजे को सुरक्षा की दृष्टि से गिराया गया है। उन्होंने बारजे को जानबूझकर गिराए जाने की बात स्वीकार की है।वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर भवन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवन की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए,अथवा उसे सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराकर नया निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की संभावना न रहे।