FATEHPUR NEWS: जिले में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के प्रस्तावित चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन के अध्यक्ष श्रीराम पटेल ने बताया कि बार एसोसिएशन का चुनाव कार्यक्रम तो घोषित कर दिया गया है, लेकिन अब तक चुनाव अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि कार्यकारिणी और एल्डर्स कमेटी की सर्वसम्मति से किसी निष्पक्ष एवं ईमानदार अधिवक्ता को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। अधिवक्ताओं ने यह भी मांग उठाई कि मतदाता सूची में केवल वही अधिवक्ता शामिल किए जाएं, जिनके नाम बार काउंसिल द्वारा जारी फतेहपुर की अधिकृत सूची में दर्ज हैं। अन्य जिलों या किसी अन्य संगठन से जुड़े अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर रखे जाएं, ताकि चुनाव में बाहरी हस्तक्षेप न हो। इसके अलावा संगठन ने नामांकन शुल्क को लेकर भी आपत्ति जताई। अधिवक्ताओं का कहना था कि पदाधिकारियों के लिए नामांकन शुल्क एक हजार रुपये और सामान्य सदस्यों के लिए दो सौ रुपये से अधिक नहीं रखा जाए, जिससे सभी वर्गों के अधिवक्ता समान रूप से चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकें। ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि चुनाव पारदर्शी ढंग से कराए जाते हैं तो इससे किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं होगा और बार एसोसिएशन की गरिमा भी बनी रहेगी। इस अवसर पर माया सिंह गौतम, वसीम अंसारी, सुरेश सिंह, ओम प्रकाश, वीरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, चंद्र प्रकाश, रामकिशोर, राजकरण, ज्ञानेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की है।







