MIRZAPUR NEWS: बुधवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मड़िहान तहसील के अंतर्गत जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, मड़िहान में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि बाबा साहेब ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा था कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पियेगा वही दहाड़ेगा। उनके संदेश को आत्मसात करते हुए हम सभी को शिक्षा अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। आइए, हम सब मिलकर उनके दिखाए मार्ग पर चलें और समानता, न्याय एवं भाईचारे पर आधारित समाज के निर्माण का संकल्प लें। इसके पश्चात विधायक ने सर्वोदय विद्यालय के रखरखाव, पठन-पाठन, रसोई घर, प्रशासनिक कक्ष का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव एवं सर्वोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित सभी अध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।







