Home उत्तर प्रदेश बाइक व औजार बरामद, फिर भी 11 दिन बाद तक मुकदमा नहीं—ढेबरुआ...

बाइक व औजार बरामद, फिर भी 11 दिन बाद तक मुकदमा नहीं—ढेबरुआ पुलिस पर उठे सवाल

SIDHARTHNAGAR NEWS:  ढेबरुआ थाना क्षेत्र के परसोहिया चौराहे पर 15 फरवरी की रात किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस की सुस्त कार्रवाई सवालों के घेरे में है। शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान बोरों में भरकर चोर काले रंग की प्लैटिना बाइक (यूपी 47 के 9294) पर लाद चुके थे, लेकिन शोर मचने पर बाइक और औजार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बावजूद 11 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज न होना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न खड़े कर रहा है। बेरिहवा निवासी पीड़ित दुकानदार रामकुमार पुत्र रामसनेही ने बताया कि चोर दुकान से खाद्य तेल के टिन, घी के डिब्बे, महंगे मसाले, साबुन-डिटर्जेंट के पैकेट समेत अन्य कीमती सामान बोरों में भरकर ले जाने की तैयारी में थे। घटना के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक व ताला तोड़ने के औजार अपने कब्जे में ले गई, लेकिन आगे की कार्रवाई ठंडी पड़ गई। रामकुमार का कहना है कि वह कई बार ढेबरुआ थाने का चक्कर लगा चुके हैं, फिर भी न एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई ठोस प्रगति बताई गई। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन हर बार कार्रवाई न होने से वह दहशत में हैं। पीड़ित ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मुकदमा दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में ढेबरुआ थाना कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि अभी वह बाहर हैं, थाने पर पहुंचने के बाद ही मामले के बारे में कुछ बता सकेंगे।