बारा। यमुनापार घूरपुर थाना क्षेत्र के बरौली गांव में मंगलवार सुबह एक वृद्ध व्यक्ति पर दबंगों ने बेरहमी से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे राम अभिलाष नामक वृद्ध ग्राम प्रधान के पास निवास प्रमाण पत्र संबंधी सलाह लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बालकृष्ण द्विवेदी, स्वदेश द्विवेदी, संजय द्विवेदी और व्यास मुनि ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में राम अभिलाष गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दबंगों ने वृद्ध को बुरी तरह पीटा, जिससे उनके सिर और हाथ पर गहरी चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और भय का माहौल फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि दबंग अक्सर इस तरह की हरकतें करते हैं, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण उनका हौसला बढ़ा हुआ है।
इस मामले पर सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि बरौली गांव में हुई मारपीट की तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।







