Home इटावा बढ़पुरा क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध क्लीनिक व पैथोलॉजी

बढ़पुरा क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध क्लीनिक व पैथोलॉजी

प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल”

ETAWA NEWS: बढ़पुरा क्षेत्र के अंतर्गत अवैध पैथोलॉजी और क्लीनिकों पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की सख्ती के बाद भी कोई ठोस असर देखने को नहीं मिल रहा है। सूत्रों के अनुसार, टीम के छापेमारी से पहले ही संचालकों तक सूचना पहुँच जाती है। ऐसे में शटर गिराकर ये लोग फरार हो जाते हैं और टीम के लौटते ही अस्पताल, क्लीनिक और पैथोलॉजी सेंटर दोबारा खोल दिए जाते हैं।
पछांयगांव क्षेत्र में तो झोलाछाप डॉक्टरों का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। यहां बिना पंजीकरण के दर्जनों पैथोलॉजी सेंटर और अवैध हॉस्पिटल संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब कुछ नेताओं के संरक्षण में फल-फूल रहा है। हाल ही में 12 सितंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. सतेंद्र यादव द्वारा कार्यवाही की गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में झोलाछापों ने फिर अपने अवैध क्लीनिक शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या आम जनता की जान इतनी सस्ती रह गई है कि झोलाछाप डॉक्टरों से सिर्फ जुर्माना लेकर छोड़ दिया जाता है? कई क्लीनिक तो मेडिकल डिग्रीधारियों के नाम पर चल रहे हैं, जबकि कई संचालकों के पास डिग्री तक नहीं है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग इन अवैध क्लीनिकों पर कड़ी कार्रवाई करेगा, या फिर नेताओं और समाजसेवियों के दबाव में यूं ही आंख मूंदकर चलता रहेगा?