SIDHARTHNAGAR NEWS: फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर नगर पंचायत बढ़नी और कृष्णानगर की सड़कों पर शुक्रवार को श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भव्य निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु हाथों में केसरिया व रंग-बिरंगे निशान लेकर खाटू श्याम की भक्ति में लीन नजर आए। पूरा नगर भक्ति गीतों और जयघोषों से गूंज उठा। निशान यात्रा का शुभारंभ सुबह गोला बाजार स्थित रानीसती दादी मंदिर में विधिवत पूजन और अखंड ज्योति की आरती के साथ हुआ। ढोल-नगाड़ों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे भजनों की धुन पर महिला, पुरुष और बच्चे झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नगर के प्रमुख चौराहों और गलियों में सामाजिक संगठनों व स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर पेयजल और जलपान की व्यवस्था भी रही। कड़ी धूप के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। यात्रा का समापन कृष्णानगर स्थित श्री श्याम मंदिर में हुआ, जहां भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा के विग्रह के दर्शन किए और अपने निशान अर्पित किए। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। देर शाम तक भजन-कीर्तन चलता रहा और श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरित किया गया। निशान शोभायात्रा में डॉक्टर राजन उपाध्याय, कन्हैया मित्तल, गोकुल गोयल, संजय मित्तल, हिमांशु कंछल, विनीत कमलापुरी, सभासद सतीश चंद्र शर्मा, शिवम उपाध्याय, पूर्व सभासद राजकुमार अग्रहरि, संजय जायसवाल, श्याम देव यादव, अखिलेश मद्धेशिया, विनोद जायसवाल, यश गुप्ता, मनोज पांडेय, आशीष देव यादव, सत्यम कौशल, सागर मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद व पुलिस टीम पूरे समय मौके पर मुस्तैद रही।







