Home उत्तर प्रदेश बढ़नी रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ जवान ने छात्र को पीटा, न्याय...

बढ़नी रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ जवान ने छात्र को पीटा, न्याय की मांग

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के ढेबरुआ थानाक्षेत्र के धनौरा बुजुर्ग गाँव के निवासी हारून ने अपने बेटे के साथ बढ़नी रेलवे स्टेशन पर हुई घटना को लेकर केंद्रीय सतर्कता आयोग, आरपीएफ के डीजी और एडीजी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित छात्र अरबाज अहमद (15 वर्ष), जो कक्षा 8 का छात्र है, 24 जुलाई को स्कूल से लौट रहा था। मुख्य सड़क पर जाम होने के कारण वह बढ़नी रेलवे प्लेटफॉर्म से होकर घर जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक आरपीएफ जवान ने छात्र को पकड़ लिया और अचानक गाली-गलौज करते हुए उसे बुरी तरह से पीटने लगा। परिजनों का आरोप है कि जवान की इस अमानवीय हरकत से छात्र मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने इसे आरपीएफ की ओर से अनुचित श्रेणी की कार्रवाई बताया है। पीड़ित परिवार ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी जवान पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित छात्र के पिता मोहम्मद हारून ने बताया कि उनके बेटे का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है और उसे कान के पास चोट भी आई है। इस पूरे मामले ने रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बढ़नी रेलवे स्टेशन कस्बे के बीचों-बीच स्थित है, जिसका उपयोग अक्सर दोनों तरफ के लोग और छात्र आने-जाने के लिए करते हैं। यह प्लेटफॉर्म आए दिन आने-जाने के विवादों को लेकर चर्चा में बना रहता है। फिलहाल, इस घटना को लेकर नगर में लोगों के अंदर गहरा आक्रोश देखा जा सकता है और कस्बे के लोगों ने इस मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में आरपीएफ बलरामपुर के सीयूजी नंबर 9794844709 पर कॉल कर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल रिसीव नहीं हुआ।