SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के ज़्यादातर ग्राम पंचायत भवन सुविधाओं से महरूम हैं और उन पर अक्सर ताले लटके रहते हैं। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है, जो छोटे-छोटे कामों के लिए भी प्राइवेट जनसेवा केंद्र या ब्लॉक के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सोमवार दोपहर मीडिया टीम ने ग्राम पंचायत सिसवा बुजुर्ग के पंचायत भवन का जायजा लिया। वहां का नजारा चौंकाने वाला था; पंचायत भवन के सभी कमरों पर ताले लटके थे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि यह पंचायत भवन कभी-कभार ही खुलता है और यहां कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उन्हें जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, खसरा-खतौनी, फैमिली कार्ड, राशन कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग पेंशन जैसे सभी कामों के लिए मजबूरन बाहर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर जनता की सुविधा के लिए बनाए गए ये पंचायत भवन अब हाथी के दांत बनकर रह गए हैं। हालात ये हैं कि पंचायत भवन पर हमेशा ताला लटका रहता है, जबकि कई महीनों से पंचायत सहायक की नियुक्ति भी की जा चुकी है और उन्हें हर महीने वेतन भी मिल रहा है। इसके बावजूद आम जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा। ग्रामीणों ने संबंधित उच्चाधिकारियों से जल्द से जल्द सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है। इस संबंध में जब एडीओ पंचायत राम विलास राय से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की, जिससे कोई जानकारी नहीं मिल पाई।







