Home उत्तर प्रदेश बच्चों ने लगाया एमडीएम में अनियमितताओं का आरोप

बच्चों ने लगाया एमडीएम में अनियमितताओं का आरोप

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

AURAIYA NEWS: जनपद के अटसू कस्बे के राजनदाज नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता पर बच्चों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बच्चों का कहना है कि स्कूल में बनने वाली सब्जी में घटिया आलू की सब्जी बनाई जाती है, आलू अच्छे नहीं डाले जाते हैं तथा टमाटर की मात्रा बेहद कम रहती है और मसाले भी पर्याप्त नहीं होते। इसी वजह से अधिकांश बच्चे स्कूल का भोजन छोड़कर घरों से ही खाना खाते हैं। एक बच्चें ने तो यहां तक आरोप लगाया कि कुछ समय पहले स्कूल का खाना खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। तब से उसने स्कूल का भोजन करना छोड़ दिया और अब वह घर से ही खाना लाता है। इस संबंध में ग्रामीणों और बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि सरकार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के कारण योजना पर पलीता लग रहा है। उनका कहना है कि यदि स्कूल में भोजन की गुणवत्ता सुधारी नहीं गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। बच्चों के आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार विभाग ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निर्मला गौतम को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि नोटिस तो पहले भी कई बार जारी किया जा चुका है, केवल नोटिस देकर खानापूर्ति न की जाए, बल्कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। इस संबंध में एबीएसए प्रवीण कुमार ने बताया कि पहले एक बार वीडियो वायरल हुआ था जिसकी जांच कर रिपोर्ट विभाग को सौंपी जा चुकी है। उक्त वायरल वीडियो की जांच स्वयं विद्यालय जाकर करेंगे।अनियमता पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी ll