KAUSHAMBI NEWS: नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम स्थित बंजर खाते की सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है, जिसपर कथित रूप से सीमेंटेड पिलर गाड़कर किए जा रहे कब्जे को प्रशासन ने समय रहते रोक दिया। मामले की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया।जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पर लवकुश माली द्वारा सीमेंटेड पिलर गाड रहा है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया। राजस्व अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने के साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की। प्रशासन की सक्रियता के चलते मौके पर किसी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न नहीं हुआ और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही। प्रशासन ने संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों का परीक्षण शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण का प्रयास पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध राजस्व एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर नियमों के विपरीत कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रभारी राजस्व निरीक्षक धर्मराज जख्मी सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे।







