SIDHARTHNAGAR NEWS: ज़िला स्टेडियम सिद्धार्थनगर में शुक्रवार को हुई 33वीं जनपदीय बेसिक फुटबॉल प्रतियोगिता में शोहरतगढ़ की टीम ने बर्डपुर को 1-0 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन ज़िला क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री ने किया, जिन्होंने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में जनपद के नौगढ़, शोहरतगढ़, बढ़नी, खेसरहा, जोगिया और बर्डपुर सहित कई ब्लॉकों की टीमों ने हिस्सा लिया। सेमीफाइनल में बर्डपुर ने बढ़नी को और शोहरतगढ़ ने खेसरहा को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मुकाबला शोहरतगढ़ और बर्डपुर के बीच हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। एक रोमांचक मुकाबले के बाद, शोहरतगढ़ की टीम ने बर्डपुर को 1-0 से हरा दिया। प्रतियोगिता का समापन खंड शिक्षा अधिकारी धर्मपाल ने किया, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक उपेंद्र उपाध्याय, जिला व्यायाम शिक्षिका सीमा द्विवेदी, खेल आयोजन ब्लॉक प्रभारी बीईओ संतोष कुमार शुक्ला, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक लोटन राम शंकर पांडे, ब्लॉक पीटीआई नौगढ़ सत्येंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे।







