Home उत्तर प्रदेश फाफामऊ में भीषण हादसाः कोल्ड स्टोरेज भवन ढहा, 4 की मौत, कई...

फाफामऊ में भीषण हादसाः कोल्ड स्टोरेज भवन ढहा, 4 की मौत, कई दबे होने की आशंका

6
0

प्रयागराज। थाना फाफामऊ क्षेत्र के गद्दोपुर में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब आदर्श कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों और मृतकों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां घायलों का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज के अंदर कई कर्मचारी काम कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी भी करीब 20 लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

 रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
मलबा हटाने के लिए 5 जेसीबी मशीनों को लगाया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटी हैं।

 अमोनिया गैस रिसाव से दहशत
हादसे के दौरान कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव भी हुआ, जिसकी गंध करीब एक किलोमीटर तक फैल गई। इससे आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और कई लोग एहतियातन मुंह पर कपड़ा बांधकर नजर आए।

लापरवाही की जांच शुरू
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने आसपास के इलाके को सुरक्षित करते हुए निगरानी बढ़ा दी है। वहीं, मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।