प्रयागराज। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) प्रयागराज में एकीकृत शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘संपूर्ण’ पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आठवां चरण आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
समापन अवसर पर डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रताप ने कहा कि पूर्व में शिक्षकों को अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाता था, किंतु अब ‘संपूर्ण’ नामक इस एकीकृत प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों की सर्वांगीण दक्षताओं के विकास पर बल दिया जा रहा है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान के साथ-साथ मूल्यबोध एवं नैतिकता, सुरक्षा एवं संरक्षण, शिक्षण में आईसीटी का प्रयोग, पुस्तकालय प्रबंधन, अनुभवात्मक शिक्षण तथा एनसीईआरटी की नवीन पुस्तकों का परिचय जैसे विषय सम्मिलित किए गए हैं।
इस चरण में हंडिया, करछना एवं बहरिया ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. प्रसून कुमार सिंह, पंकज यादव, अखिलेश कुमार सिंह, डॉ. अंबालिका मिश्रा एवं विपिन कुमार उपस्थित रहे। उक्त जानकारी विपिन कुशवाहा ने दिया।







