Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर में “स्कूल चलो अभियान” का आयोजन

प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर में “स्कूल चलो अभियान” का आयोजन

विधायक रमाशंकर पटेल ने रैली को दिखाई हरी झंडी

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) मगंलवार  को प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर,विकासखंड राजगढ़, विधानसभा मड़िहान में बेसिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में “स्कूल चलो अभियान” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उन्होंने स्कूल चलो रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय में नवस्थापित पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। अपने संबोधन में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों का अभूतपूर्व कायाकल्प हुआ है। आज विद्यालयों में बेहतर भवन,स्मार्ट कक्षाएं,स्वच्छ शौचालय,पेयजल, पुस्तकालय,खेल सामग्री सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं,जिससे शिक्षा का वातावरण पूरी तरह बदल गया है। उन्होंने कहा कि आज योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं,जिसके परिणामस्वरूप सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास लगातार बढ़ा है और नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सरकार द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म,जूते-मोजे,स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री हेतु डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भेजी जा रही है,जिससे शिक्षा को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। विधायक ने विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक नामांकन कराने वाले शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव,सुशील सिंह, चंद्रशेखर सिंह, बृजेश कुमार सिंह,प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रभाकर सिंह सहित विद्यालय परिवार,शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।