उद्देश्यरू शैक्षिक, प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी
BHADOHI NEWS: सुरियावां विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय बनकट में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समिति के सदस्यों को विद्यालय के शैक्षिक, प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाना था। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ.ओमप्रकाश मिश्रा ने जोर दिया कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए प्रबंध समिति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सदस्यों से विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने, नामांकन वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने का आह्वान किया। सहायक अध्यापक रविकांत दुबे, संतोष कुमार, रूपी जायसवाल और प्रियंका देवी ने प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। शिक्षकों ने समिति के सदस्यों को विद्यालय विकास योजना (एसडीपी), मध्याह्न भोजन व्यवस्था, छात्र उपस्थिति बढ़ाने के उपाय, स्वच्छता अभियान और शैक्षिक गुणवत्ता सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान, सदस्यों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यालय के विकास कार्यों में पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम के अंत में, सभी सदस्यों ने विद्यालय के हित में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।







