Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय अमखेड़ा में छात्रों ने खेला डांडिया-गरबा

प्राथमिक विद्यालय अमखेड़ा में छात्रों ने खेला डांडिया-गरबा

नवरात्रि परंपराओं से बच्चों को जोड़ा गया, ग्रामीण भी हुए प्रफुल्लित

JALAUN NEWS: नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को प्राथमिक विद्यालय अमखेड़ा में बच्चों ने परंपरागत परिधान पहनकर डांडिया और गरबा खेला। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विविधता में एकता से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराएं हमारी धरोहर हैं, बच्चों को इनमें शामिल करना उनकी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक और राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक विपिन उपाध्याय ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों को विभिन्न राज्यों की परंपराओं व त्यौहारों की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि गरबा गुजरात का पारंपरिक नृत्य है और छात्रों को विविध परंपराओं से जोड़ना विद्यालय का उद्देश्य है। सहायक अध्यापक श्याम जी ने बताया कि विद्यालय में हर शनिवार मध्यान्ह भोजन के बाद एक्टिविटी कराई जाती है। इसी क्रम में नवरात्रि के अवसर पर डांडिया-गरबा का आयोजन किया गया। उन्होंने बच्चों के लिए डांडिया भी तैयार किए। शिक्षिकाओं सविता कुशवाहा और अनु गुप्ता ने छात्रों को गरबा की जानकारी दी। आयोजन के बाद बच्चों को हलुआ वितरित किया गया। नन्हें बच्चों को डांडिया खेलते और गरबा नृत्य करते देख ग्रामीण भी प्रफुल्लित हो उठे। विद्यालय का यह आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।