हुसैनगंज मंडल में प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ
FATEHPUR NEWS: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद के हुसैनगंज मंडल में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्देश्य पार्टी के बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक व प्रबंधकीय रूप से दक्ष बनाना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, विधानसभा के पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह (धुन्नी सिंह) तथा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अजय त्रिवेदी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर के प्रथम सत्र में बूथ प्रबंधन विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम हैं, जिनके जरिए संगठन की जड़ों को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पालन करें। रंजना उपाध्याय ने कहा कि बूथ स्तर ही संगठन की असली ताकत है और यदि बूथ मजबूत होगा तो पार्टी हर स्तर पर सशक्त होगी। उन्होंने ‘मन की बात’, टिफिन बैठक, लाभार्थी संपर्क अभियान और अन्य बूथ स्तरीय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्वों को समझकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करे, जिससे संगठन को निरंतर मजबूती मिलती रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वर्ग अधिकारी के रूप में जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक संरचना की जानकारी दी। द्वितीय सत्र में पंकज त्रिवेदी ने संगठन की कार्यपद्धति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं तृतीय सत्र में पुष्पराज पटेल ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और जनसंपर्क बढ़ाने के गुर बताए। शिविर में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में संतोष सिंह राजू, ओम प्रकाश पाल (जिला मंत्री), संतोष नेता (जिला मंत्री), अजय सिंह रिंकू, श्रीकांत तिवारी, श्री कृष्ण कुमार द्विवेदी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने प्रशिक्षण शिविर को अत्यंत उपयोगी बताते हुए संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प को दोहराया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया और संगठन के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।







