KAUSHAMBI NEWS: सिराथू क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावां में प्रवेशोत्सव के अवसर पर बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने गांव में भ्रमण कर लोगों को सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान “सब पढ़ें, सब बढ़ें” जैसे नारों से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान सहायक अध्यापक दीपनारायण मिश्र ने ग्रामीणों व अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी बच्चों को दिया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन नजदीकी सरकारी विद्यालय में अवश्य कराएं। इस मौके पर हाल ही में अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में चयनित छात्रा कीर्ति बौद्ध के माता-पिता ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की सफलता का आधार प्राथमिक विद्यालय से मिली मजबूत शिक्षा है। उन्होंने अन्य अभिभावकों से भी सरकारी विद्यालयों पर भरोसा जताने और बच्चों को यहीं पढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका भावना शुक्ला, सहायक अध्यापक विजयराज सिंह, शशांक कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।







