Home उत्तर प्रदेश प्रमोद व मोना ने रामपुरखास में बहुमुखी विकास में तेजी बनाए रखने...

प्रमोद व मोना ने रामपुरखास में बहुमुखी विकास में तेजी बनाए रखने का दिलाया भरोसा

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता व सीएलपी नेता जनसंवाद के साथ विविध धार्मिक कार्यक्रमों में हुए शामिल
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी तथा क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने गुरूवार को विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमो में रामपुरखास के सर्वश्रेष्ठ विकास को अनवरत जारी रखने का लोगों को भरोसा दिलाया। वहीं दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा ने क्षेत्र के चतुर्दिक बहुमुखी विकास से जुड़ी योजनाओं के संचालन में स्थानीय लोगों व कार्यकर्ताओं से निरंतर मिल रहे सहयोग को विकास की सफलता का द्योतक कहा। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी तथा विधायक आराधना मिश्रा मोना सांगीपुर वार्ड में मां चर्तुभुजी देवी मन्दिर के समीप नवनिर्मित भगवान शंकर जी के मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में शामिल हुए। यहां चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी एवं प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने सभासदों के साथ सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक मोना को महादेव धाम तथा मां दुर्गा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद सांसद प्रमोद तिवारी दीवानी वार्ड मनीपुर में पूर्व शिक्षक रामेश्वर प्रसाद तिवारी व रामकैलाश त्रिपाठी एवं डॉ0 दिनेश तिवारी के संयोजन में कामेश्वरी संगीत महाविद्यालय परिसर में भगवान श्रीराम दरबार एवं श्रीगणेश भगवान व देवाधिदेव महादेव के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रमोद तिवारी ने लालगंज संयुक्त अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके बाद विधायक आराधना मिश्रा मोना के साथ सांसद प्रमोद तिवारी बेलहा गांव पहुंचे। यहां ब्लाक प्रमुख इं0 अमित प्रताप सिंह पंकज व समाजसेवी लालदेव सिंह के संयोजन में भगवान जगदीश्वरनाथ मन्दिर स्थापना उत्सव में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि उपासना की संस्कृति सदैव हमें परोपकार व लोक कल्याणकारी वातावरण की मजबूती में प्रतिबद्धता का बोध कराती है। विधायक आराधना मिश्रा ने कहा कि धर्म का पथ सदैव मानवीय मूल्यों के प्रति हमें जरूरतमंद की सेवा पर बढ़ते रहने की प्रेरणा है। इसके पहले सांसद प्रमोद तिवारी ने सांगीपुर में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र को चोट पहुंचाने की भाजपा की हर कोशिश को नाकाम करने में पार्टी के संघर्ष को मजबूती प्रदान करें। नीट पेपरलीक को लेकर सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होने कहा कि मोदी सरकार के राज में दूसरी बार नीट की परीक्षा में पेपर लीक होना एक गंभीर सुनियोजित षडयन्त्र है। वहीं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने क्षेत्र के आमीशंकरपुर, गोड़वा, पूरे कालूराम, बेलहा व नौढ़िया के तरैया में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुई। इस मौके पर रवीन्द्र मिश्र, अनिल त्रिपाठी महेश, डॉ0 रामसमुझ त्रिपाठी, केदारनाथ तिवारी, दयाशंकर तिवारी, जमुना प्रसाद तिवारी, राहुल तिवारी, उधम सिंह, आशुतोष सिंह रज्जन, प्रीतेन्द्र ओझा, कपिल तिवारी, छोटे लाल सरोज, महमूद आलम, कमलेश शर्मा, भानु प्रताप सिंह, अरविंद सिंह आदि रहे।