Home उत्तर प्रदेश प्रत्येक नागरिक को एसआईआर  के लिए होना होगा जागरूक: संतोष यदुवंशी

प्रत्येक नागरिक को एसआईआर  के लिए होना होगा जागरूक: संतोष यदुवंशी

विकास को लेकर अपनी सच्चाई छिपाने लिए झूठे दावे कर रही डबल इंजन सरकार: राष्ट्रीय प्रवक्ता
KUSHINAGAR NEWS: सरकार के निर्देशन में चुनाव आयोग द्वारा कराया जा रहा एसआईआर लाखों लोगों को मताधिकार से वंचित कर देगा। इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक को एसआईआर  के लिए जागरूक होना होगा क्योंकि भाजपा द्वारा लोगों को मताधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष यदुवंशी ने नगरपालिका परिषद कुशीनगर अंतर्गत डुमरी (सुखा टोला) में एक चर्चा के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्पष्ट आदेश पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से है कि प्रदेश में चल रहे एसआईआर कार्य में बढ़कर भाग लें और किसी का भी नाम न छुटे। जिसके लिए पार्टी के लोग लगे हुए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंप यह आशंका जाहिर किया है कि प्रदेश में लाखों मतदाताओं के नाम अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट अथवा मृतक श्रेणियों में डालकर डिलीट की तैयारी चल रही है। देखा जाय तो यह एसआईआर नागरिकों के लिए मुसीबत बन रहा है। सपा ने एसआईआर की समयावधि तीन माह करने की मांग की थी लेकिन निर्वाचन आयोग बहुत जल्दबाजी में है और मात्र 11 दिसंबर तक कार्य पूरा करने की तिथि रखी है। 15 करोड़ 44 लाख 092 मतदाता वाले राज्य में जहां 403 विधानसभा, 162486 मतदेय स्थल है वहां यह कार्य बूथ लेबल अधिकारी के बुते संभव नहीं है। इससे एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ और अन्य कर्मचारी तनाव में हैं तो नागरिक भी परेशान है। इसके कारण कई बीएलओ की मौत हो गई। श्री यदुवंशी ने एसआईआर को लेकर सरकार और आयोग की खिंचाई करते हुए कहा कि बिहार में हुए एसआईआर से लाखों लोग मतदान से वंचित रह गए। एसआईआर के बहाने प्रदेश में यह प्रक्रिया कही लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ साबित न हो क्योंकि पिछड़े, दलित, मुस्लिम और आदिवासी जो समाज के काफी कमजोर नागरिक हैं उनका वोट न कट जाए। आगे कहा कि जनता महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से पीड़ित है। डबल इंजन सरकार विकास को लेकर अपनी सच्चाई छिपाने लिए झूठे दावे कर रही है। इसी क्रम में फाजिलनगर के पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि और सपा के प्रदेश समिति सदस्य हसमुद्दीन अंसारी ने कहा कि जनता इनके कथनी और करनी को भलीभांति जान चुकी है। आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। हमें एसआईआर को लेकर जागरूक होना होगा। नहीं तो ये कितनों की मताधिकार तो दूर नागरिकता पर संकट आ सकता है। इस दौरान सपा अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट उदयभान यादव, केदारनाथ यादव, राम गुलाब यादव, प्रधानाचार्य संजय यादव आदि मौजूद रहे।