Home उत्तर प्रदेश पॉलिटेक्निक कॉलेज नौगांव में सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान आयोजित

पॉलिटेक्निक कॉलेज नौगांव में सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान आयोजित

FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज नौगांव में सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी को नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। यह अभियान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवेंद्र चापेकर और डिप्टी मैनेजर (टेक्निकल) सौरभ चौधरी (पीआईयू छतरपुर) के निर्देशानुसार वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट तथा बुंदेलखंड हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रिंसिपल बी.एन. शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान यातायात विभाग के सहयोग से वाहन चालकों को पैम्फलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि देश में बीमारी से अधिक लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं के कारण होती है, जो एक बड़ी त्रासदी है। उन्होंने लोगों से नशे की हालत में वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने दें और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में छात्रों ने “सड़क के चार सबसे बड़े दुश्मन—नशा, नींद, रफ्तार और अधिक भार” जैसे नारों के माध्यम से प्रभावी जनसंदेश दिया। इस मौके पर कॉलेज स्टाफ में एम.के. अग्रवाल, पी.आर. अहिरवार, एस.पी. अहिरवार, रीता सोनी, सत्येंद्र सिंह, एस.वी. कुरील, हिमांशु शर्मा, गोरेलाल प्रजापति, हाईवे अधिकारी आशीष विश्वकर्मा सहित रूट पेट्रोलिंग टीम भी उपस्थित रही।