लालगोपालगंज में सजी मीलाद की महफिल, उलेमाओं ने किया खिताब, शायरों ने पढ़े कलाम
PRAYAGRAJ NEWS: अंजुमन रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद रजा के तत्वावधान में कस्बा स्थित इमामगंज मोहल्ले में जश्न ईद मीलादुन्नबी का आयोजन किया गया। इस पाक महफिल में मुल्क के मशहूर उलेमाओं और शायरों ने शिरकत किया। कार्यक्रम में मौलाना मुफ्ती शहनवाज मिस्बाही अजहरी ने मीलाद-ए-मुस्तफा शीर्षक पर खुसूसी खिताब कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शनिवार रात आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पैगंबर मुहम्मद का जीवन हमारे लिए आदर्श है, हमें उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए। इस्लाम शांति और प्रेम का धर्म है, पैगंबर मुहम्मद साहब ने हमेशा मानवता की भलाई के लिए काम किया। पैगंबर की सीरत को अपनाकर हम एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। इससे पूर्व रजा जामा मस्जिद के खतीब व इमाम मौलाना दिलशान रजा ने कुरान की तिलावत से महफिल का शुभारंभ किया। देश के प्रसिद्ध शायर नूर अली नूर कानपुरी, असगर मुनव्वरी इलाहाबादी, हाफिज अब्दुल वकील प्रतापगढ़ी, अयान रजा इलाहाबादी ने पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की शान में नात का नजराना पेश किया, जिसे सुनकर श्रोताओं ने उन्हें इनाम से नवाजा। मेहमान खुसूसी पूर्व चेयरमैन व वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मुख्तार अहमद ने उलेमाओं और शायरों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मौलाना अब्दुल रहमान मुस्तफाई ने कहा कि मोहम्मद साबह ने सिखाया कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है, उनकी सीरत को अपने जीवन में उतारें, क्योंकि यही दुनिया और आखिरत में कामयाबी का रास्ता है। संचालन मौलाना शाबान बरकाती ने किया। सलात व सलाम के बाद सामूहिक रुप से मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं की गई। लंगर वितरण के बाद आयोजन का समापन हुआ। यहां समाज सेवी बब्लू कुरैशी, सभासद शोएब, हाफिज अरहम, सिबतैन इदरीसी, हासिर अंसारी, हस्सान, सैफान, रेहान राइन, अरमान, साकिब सलमानी, अलिशान कुरैशी, नूरैन इदरीसी, नोमान कुरैशी, दिलशाद अहमद, हक्कू, गुलाम रसूल, जुबैर सिद्दीकी, एडवोकेट अरशद, एडवोकेट रफत उल्ला, इजान रजा, अमान रजा आदि रहे।







