राष्ट्रपति के नाम डीएम को ज्ञापन देकर कठोर कार्रवाई की मांग, धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों पर स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की उठाई मांग
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) एवं उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा (रज़ियल्लाहु अन्हा) के संबंध में कथित अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में मंगलवार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। जिला चेयरमैन अब्दुल हफीज की अध्यक्षता में दिए गए ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों से आपत्तिजनक वक्तव्य और संबंधित सामग्री को तत्काल हटाया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति किसी भी धर्म, धार्मिक महापुरुष, समुदाय, उनकी संस्कृति, खान-पान, पर्व, पहनावे अथवा पारंपरिक जीवन शैली के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी या व्यंग्य करता है तो प्रशासन स्वतः संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि सामाजिक सौहार्द एवं धार्मिक सद्भाव बना रहे। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण और सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कुछ कार्यकर्ताओं ने मुंह, कुछ ने कान और कुछ ने आंखों पर हाथ रखकर विरोध दर्ज कराया। पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शन हिंसक भाषा और नफरत के विरोध तथा न्यायपूर्ण प्रतिरोध के संदेश के रूप में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मिस्बाहुल हक, रमजान अली, चंद प्रकाश लोधी उर्फ चंदन बाबू एडवोकेट, संदीप साहू एडवोकेट, पुष्पा मौर्य एडवोकेट, शकीला बानो, हाफिज फैजान फारुकी, मोहम्मद अजीज, मोहम्मद आलम, एडवोकेट मोहम्मद राशिद सिद्दीकी, नफीस खान एडवोकेट, सैयद आसिफ मोहम्मद एडवोकेट, अमीरुज्जमा खान, ओमप्रकाश गिहार, फिरोज अहमद खान, इश्तियाक अली एडवोकेट, गुलाम जब्बार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







