कुलपति का निर्देश: सभी महाविद्यालयों में सक्रिय हों मतदाता साक्षरता क्लब, 18 वर्ष पूर्ण छात्र कराएं नामांकन
JAUNPUR NEWS: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में शुक्रवार को मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने की। बैठक में विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी राजकीय, अशासकीय एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय रूप से संचालित करने तथा पात्र छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ।
लोकतंत्र की रीढ़ हैं मतदाता: कुलपति
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने उपस्थित प्राचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन कर उसे प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।
उन्होंने कहा मतदान और मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वे आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान करें।
युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने का अभियान
मुख्य वक्ता एवं जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सै० मो० मुस्तफा ने ईएलसी की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि क्लब का उद्देश्य युवाओं को उनके चुनावी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा पंजीकरण व मतदान की प्रक्रिया से परिचित कराना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि
प्रत्येक कक्षा में कैंपस एंबेसडर नियुक्त किए जाएं।प्रत्येक कॉलेज से एक स्वीप नोडल अधिकारी नामित किया जाए।एक छात्र व एक छात्रा को कैंपस एंबेसडर बनाकर सूची विश्वविद्यालय को भेजी जाए।
जो छात्र-छात्राएं 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे प्रारूप-6 के माध्यम से अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराएं।आवेदन संबंधित बीएलओ को या ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।सभी महाविद्यालयों में मतदाता हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए।
मतदाता शपथ के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम की रूपरेखा नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार मौर्य ने प्रस्तुत की तथा अंत में आभार ज्ञापित किया।
कुलपति ने उपस्थित सभी प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अधिकारियों को मतदाता शपथ दिलाई। मंच संचालन उत्कर्ष त्रिपाठी एवं श्रद्धा श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी लाल बहादुर, प्रो. मिथिलेश सिंह, डॉ. रशिकेश सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षकगण उपस्थित रहे।







