वाराणसी।चितईपुर थाना क्षेत्र तारापुर टिकरी गांव में बीते देर रात एक बदमाश ने चितईपुर व लंका थाने और काशी जोन की एसओजी की टीम की घेराबंदी देख कर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस के असलहे से निकली गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी।घायल बदमाश की पहचान आदर्श नगर, मंडुवाडीह निवासी विनोद भारती के रूप में हुई है। उसके पास से एक बाइक, .32 बोर की देसी पिस्टल, दो कारतूस, सोने की चेन और नकदी बरामद हुई है। विनोद के खिलाफ लूट सहित अन्य आरोपों में 21 मुकदमे दर्ज हैं। वह इसके पहले वर्ष अगस्त 2021 में भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था।डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि गत 27 जुलाई को नासिरपुर क्षेत्र के विश्वनाथपुरी कॉलोनी में रहने वाली निगम राय के गले पर झपट्टा मार कर बाइक सवार बदमाश ने सोने की चेन लूट ली थी। सीसी फुटेज की मदद से चितईपुर थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बदमाश की पहचान विनोद भारती के रूप में की थी।विनोद की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई थी।बीते रात नुआव-टड़िया मोड़ पर चितईपुर थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी चितईपुर पंकज पांडेय, लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र और काशी जोन की एसओजी के प्रभारी पीयूष प्रताप अपनी टीम के दरोगा शैलेंद्र सिंह व सिपाही सुमित शाही के साथ चेकिंग कर रहे थे।उसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए और पुलिस को देखकर तेजी से भागे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो वह तारापुर टिकरी पहुंचने के बाद झाड़ियों में छुप गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल बदमाश की पहचान विनोद भारती के रूप में हुई है। विनोद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।वहीं, उसके साथी बदमाश को पकड़ने के लिए देर रात तक तारापुर टिकरी इलाके में पुलिस की कांबिंग जारी रही। डीसीपी काशी जोन ने बताया कि विनोद छह माह पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था।उसके पहले भी वह कई बार जेल जा चुका है।







