Home उत्तर प्रदेश पुलिस ने साइबर ठगी के 1.24 लाख रुपए वापस कराए

पुलिस ने साइबर ठगी के 1.24 लाख रुपए वापस कराए

पीड़ितों ने खाते में रकम पाकर पुलिस का आभार जताया
BHADOHI NEWS: पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार हुए चार पीड़ितों के खातों में कुल 1 लाख 24 हजार 605 रुपए वापस कराए हैं। एसपी के निर्देश पर जनपदीय साइबर सेल और साइबर हेल्पडेस्क थाना ज्ञानपुर तथा गोपीगंज ने यह कार्रवाई की। एसपी ने जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इनमें साइबर धोखाधड़ी, सोशल साइट के दुरुपयोग और एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर तत्काल एक्शन शामिल है। इन निर्देशों के तहत, जनपदीय साइबर सेल ने शिकायतकर्ता अली हसन के पूरे 93 हजार 555 रुपए वापस कराए। साइबर हेल्पडेस्क थाना ज्ञानपुर ने शिकायतकर्ता मनोज तिवारी के 21 हजार रुपए लौटाए। इसी प्रकार, साइबर हेल्पडेस्क थाना गोपीगंज ने शिकायतकर्ता अमित कुमार यादव के 8 हजार 550 रुपए और शुभम कुमार यादव के 1500 रुपए उनके खातों में वापस जमा कराए। अपनी खोई हुई धनराशि वापस पाकर सभी पीड़ित व्यक्तियों ने एसपी, जनपदीय साइबर सेल और साइबर हेल्पडेस्क थाना ज्ञानपुर व गोपीगंज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भदोही पुलिस के प्रयासों की सराहना की।