सिद्धार्थनगर की प्रतिभाओं ने प्रदेश में बजाया परचम
SIDHARTHNAGAR NEWS: समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने यूपी पीसीएस 2024 परीक्षा में सफल हुए युवाओं के अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर चयनित अधिकारियों के माता-पिता का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई। इस क्रम में शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के शाहा निवासी एवं असिस्टेंट कमिश्नर (जीएसटी) पद पर चयनित शिवम ओझा के पिता ब्रह्मदेव ओझा, पलिया निधि से नायब तहसीलदार पद पर चयनित सत्यम मिश्रा की माता विजय लक्ष्मी, तथा जिला मुख्यालय के जगदीशपुर खुर्द निवासी वाणिज्य कर अधिकारी पद पर चयनित अनुराग श्रीवास्तव के पिता वीरेंद्र लाल श्रीवास्तव एवं माता प्रेमलता श्रीवास्तव को सम्मानित करते हुए उनके बच्चों की सफलता पर हार्दिक बधाई दी गई। इस अवसर पर मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि हाल के वर्षों में जनपद की प्रतिभाएं अत्यंत सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर प्रशासनिक सेवाओं में सफलता अर्जित कर रही हैं, जो युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा, वहीं अभिभावकों का उत्साह भी बच्चों की शिक्षा के प्रति और सुदृढ़ होगा। उन्होंने आगे कहा कि पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में बच्चों की सफलता से पूरे प्रदेश में सिद्धार्थनगर का परचम लहराया है। यह गौरव की बात है कि आकांक्षी जनपद होने के बावजूद बुद्धभूमि सिद्धार्थनगर से इस वर्ष 9 युवाओं ने सफलता हासिल की है। आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की पूरी संभावना है, जिससे जिले का नाम और रोशन होगा।







