Home उत्तर प्रदेश पीएम ग्राम सड़क योजना में मानक विहीन निर्माण का आरोप

पीएम ग्राम सड़क योजना में मानक विहीन निर्माण का आरोप

ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार
FATEHPUR NEWS: तहसील खागा क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर गौंती के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाआई) के अवर अभियंता (जेई) को शिकायती पत्र सौंपकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्राम मोहम्मदपुर गौंती से एकौनागढ़ तक लगभग साढ़े आठ किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित है। आरोप है कि मार्ग में पड़ने वाले अन्य गांवों में सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि मोहम्मदपुर गौंती में अब तक निर्माण कार्य अधूरा है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा पूर्व में गांव के भीतर सर्वे कर सड़क की नाप-जोख एवं चिन्हांकन किया गया था। सड़क चौड़ीकरण के लिए ग्रामीणों ने स्वयं सहयोग करते हुए अपने निर्माण भी हटाए, लेकिन अब निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर निर्धारित है, वहीं गांव के लगभग 600 मीटर हिस्से में सड़क को करीब 3.5 मीटर चौड़ा बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। इससे बड़े वाहनों, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, गैस सिलेंडर वाहनों, स्कूल बसों और अन्य आवश्यक सेवाओं के आवागमन में दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह मार्ग गंगा किनारे बसे लगभग डेढ़ दर्जन गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। छात्र, किसान, व्यापारी तथा आम नागरिक इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। बरसात के मौसम में भी यह मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन का साधन बना रहता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के बावजूद कुछ स्थानों पर सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा है। उन्होंने मोहम्मदपुर गौंती बाजार, एकौनागढ़ मोड़ तथा आशीषपुर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने सक्षम अधिकारियों से अनुरोध किया है कि शासन की मंशा एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। प्रार्थना पत्र पर क्षेत्र के अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।