Home उत्तर प्रदेश पीएम आवास योजना शहरी के तहत लाभार्थियों के खातों में भेजी गई...

पीएम आवास योजना शहरी के तहत लाभार्थियों के खातों में भेजी गई पहली किस्त

523 लाभार्थियों के खातों में पहुंची एक-एक लाख की राशि
FATEHPUR NEWS:  प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रथम किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का अंतरण किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से रिमोट का बटन दबाकर राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी/गांधी सभागार में देखा और सुना गया। इस दौरान जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, प्रशिक्षु आईएएस नौशीन, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष खखरेरू व असोथर, प्रभारी अधिकारी डूडा तथा लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से फतेहपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, देवरिया और सहारनपुर के लाभार्थियों से संवाद किया। इसी क्रम में फतेहपुर जनपद के नगर पंचायत खखरेरू की लाभार्थी माया देवी से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने अपने जीवन स्तर में आए बदलाव और योजनाओं से हुए लाभ के बारे में बताया तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का आभार जताया। जनपद स्तर पर कार्यक्रम की शुरुआत विधायक जहानाबाद, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की। प्रदेश में 90 हजार लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई। इसी क्रम में फतेहपुर जनपद के 523 लाभार्थियों को भी एक-एक लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। इनमें नगर पालिका परिषद सदर के 16, बिंदकी के 69, नगर पंचायत असोथर के 3, कोड़ा जहानाबाद के 1, खागा के 294, खखरेरू के 4, कारीकान धाता के 135 और हथगाम के 1 लाभार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम में लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के प्रमाण पत्र भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वितरित किए गए। विधायक जहानाबाद ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए बिना भेदभाव के पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से दलित, गरीब और वंचित वर्ग के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया।