पैतृक संपत्ति विक्रय व बंटवारे को लेकर पुत्र ने कर दी थी पिता की हत्या
BHADOHI NEWS: पैतृक संपत्ति विक्रय व बंटवारे को लेकर पिता की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी पुत्र को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस लाइन सभागार कक्ष में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी शुभम अग्रवाल ने इसका खुलासा किया।
इस दौरान एएसपी ने बताया कि 14 सितंबर को आवेदक सूरज दुबे पुत्र स्व.जयशंकर दुबे (जिनकी हत्या हुई है) निवासी गोपालपुर ऊपरवार थाना गोपीगंज द्वारा थाना गोपीगंज पर सूचना दी गई कि 6 सितंबर को रात्रि करीब 10 बजें खाना खाकर आवेदक अपने पिता जयशंकर दुबे के साथ कमरे में सो रहे थें। आवेदक के बड़े भाई कृष्ण कुमार दुबे उर्फ दिलीप भी कमरे में आ गए। पिताजी के साथ सो गए थोड़ी देर बाद आवेदक के बड़े भाई कृष्ण कुमार दुबे पिताजी के सीने पर चढ़कर उनका गला दबा दिए। जिससे पिताजी की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि आवेदक की तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास सहित विधिक कार्रवाई प्रचलित की गई। आज गोपीगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक मय हमराहियों के साथ अभियुक्त कृष्ण कुमार दूबे को बाला कौलापुर रेलवे क्रासिंग के 50 मीटर दक्षिण तरफ सेमराध रोड से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। एएसपी ने बताया कि पूछताछ पर अभियुक्त स्वयं अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मैं अपने पिता के दारु व अन्य नशे की लत से परेशान था। उनके नशे का आदी होने के कारण अपने नाम की सारी जमीन बेच दिए। जमीन बेचकर शराब का सेवन कर गए। जो शेष जमीन थी उसको भी बेचने के फिराक में थे। जिस वजह से मैं काफी परेशान था। जमीन बचाने का कोई रास्ता न पाकर मैंने रात्रि में सोते वक्त गला दबाकर हत्या कर दी।







