Home उत्तर प्रदेश पाठशाला का आयोजन करने के मामले में  सपा नेता अंजनी सरोज सहित...

पाठशाला का आयोजन करने के मामले में  सपा नेता अंजनी सरोज सहित समर्थकों पर मुकदमा दर्ज

BHADOHI NEWS: समाजवादी पार्टी की औराई विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी अंजनी सरोज पर मुसीबत आ गई है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा में पीडीए पाठशाला का आयोजन किया था। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक की शिकायत पर चैरी थाना पुलिस ने अंजनी सरोज और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रधानाध्यापक सभाजीत यादव ने 30 जुलाई को थाने में दी गई तहरीर में बताया कि अंजनी सरोज और उनके समर्थक 29 जुलाई को शाम 3 बजे बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा के परिसर में आए। उन्होंने वहां एक पोस्टर लगाया जिसमें लिखा था समाजवादी पार्टी आएगी, पुनः पाठशाला खोलवाएगी। पोस्टर पर पीडीए पाठशाला अंजनी सरोज पूर्व प्रत्याशी विधानसभा औराई 394 भी लिखा था। आरोप है कि उन्होंने आसपास के गांवों के स्कूली ड्रेस पहने बच्चों को कॉपी, पेंसिल, रबर और कटर आदि बांटे। बिना अनुमति के सरकारी विद्यालय परिसर में प्रचार-प्रसार किया। फोटो खिंचवाए और वीडियो बनाए। स्कूल पेयरिंग योजना के खिलाफ दुष्प्रचार भी किया। उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा 50 से कम बच्चों वाले प्राथमिक विद्यालयों का समायोजन/पेयरिंग अन्य प्राथमिक विद्यालयों में किए जाने की योजना चलाई गई है। इसी के तहत प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा का पेयरिंग 800 मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय पिलिखनी में किया गया है। प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा में कुल 5 शिक्षक और 40 बच्चे थे। इन सभी का समायोजन पिलिखनी में कर दिया गया है। वर्तमान में पिलिखनी में कुल 9 स्टाफ हैं। इनमें एक प्रधानाध्यापक सभाजीत यादव, एक शिक्षामित्र और 7 सहायक अध्यापक शामिल हैं। प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा एक जुलाई से समायोजन के बाद से बंद है। पुलिस ने अंजनी सरोज और उनके समर्थकों के खिलाफ बीएनएस की धारा-3 व 4 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।