Home उत्तर प्रदेश परीक्षा देकर लौट रहे छात्र जीशान की मौत, नौ दिन बाद टूटा...

परीक्षा देकर लौट रहे छात्र जीशान की मौत, नौ दिन बाद टूटा परिवार का सहारा

SIDHARTHNAGAR NEWS:  18 फरवरी को परीक्षा देकर घर लौटते समय हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र जीशान पुत्र हाजी निसार अहमद, निवासी ग्राम मैलानी, ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह पिछले नौ दिनों से वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। जीशान ने बोर्ड परीक्षा का केवल एक पेपर ही दिया था, लेकिन तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया।जीशान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जनाजे में सैकड़ों लोग शामिल हुए और नम आंखों से अंतिम विदाई दी। घटना की सूचना पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया और दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इधर, स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद एंबुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।