MIRZAPUR NEWS: स्थानीय चौकी क्षेत्र स्थित बैकुंठपुर के जीवन श्री हॉस्पिटल में गुरुवार को एक मजदूर की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। पथरी का ऑपरेशन कराने पहुंचे मजदूर की कुछ ही घंटों बाद मौत हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राधेश्याम यादव (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय लालमनि यादव निवासी खिरौड़ी, जमालपुर, मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार आर्थिक तंगी के बावजूद रिश्तेदारों से कर्ज लेकर गुरुवार सुबह पथरी का ऑपरेशन कराने गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत बिगड़ती गई और दोपहर में उसकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
राधेश्याम की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले राधेश्याम की मौत ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया है।







