ETAWA NEWS: बुधवार की शाम चार बजे दो जिलों के बॉर्डर पर स्थित कचौरा घाट यमुना नदी पुल पर एक दर्दनाक घटना सामने आई। आगरा जिले की बाह तहसील के जरार निवासी अखिलेश (30 वर्ष), पुत्र अवधेश ने पत्नी से विवाद के बाद नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है। यमुना नदी में कूदे युवक के जीजा सौरभ के अनुसार अखिलेश का पत्नी प्रियंका से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। गुस्से में वह घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला और कचौरा घाट पुल पर पहुंचा। उसके मुताबिक युवक ने पुल पर बाइक खड़ी की, पैंट और चप्पल उतारीं और अचानक यमुना नदी में कूद गया। लोगों ने युवक को छलांग लगाते देखा तो तत्काल बलरई पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल चित्रहाट थाना क्षेत्र (आगरा) में आता है, जिसके बाद चित्रहाट पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। लेकिन यमुना नदी में भीषण बाढ़ आने के कारण खोज अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं लग पाया।अखिलेश के जीजा ने बताया कि वह पेशे से नाई था और जरार कस्बे में सैलून की दुकान चलाता था। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे अंश (5 वर्ष) और वंश (डेढ़ वर्ष) हैं। घटना के बाद से पत्नी प्रियंका, मां सीमा देवी और भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है।इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।फिलहाल पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटी हुई है।







