Home इटावा पति-पत्नी में विवाद के बाद दोनों ने की आत्महत्या की कोशिश, सैफई...

पति-पत्नी में विवाद के बाद दोनों ने की आत्महत्या की कोशिश, सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर

ETAWA NEWS: इकदिल थाना क्षेत्र के बरौली गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। पति-पत्नी ने अलग-अलग तरीकों से आत्महत्या का प्रयास किया। पति ने आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे-19 पर एक ट्रक के सामने कूदकर जान देने की कोशिश की, जबकि पत्नी ने पति के हादसे की जानकारी मिलने पर घर की छत से छलांग लगा दी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, बरौली निवासी 45 वर्षीय रमाकांत पुत्र रूपचंद का सुबह पत्नी सीमा पाल (40) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद रमाकांत घर से निकलकर हाईवे पर पहुंचा और ट्रक के आगे कूद गया। इसी दौरान पत्नी सीमा को हादसे की खबर मिली तो उसने घर की छत से छलांग लगा दी। डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि रमाकांत के हाथ-पाँव और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सीमा के सिर व चेहरे पर गहरी चोटें हैं। दोनों का इलाज सैफई पीजीआई में जारी है। मौके पर पहुंचे इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की पुष्टि हुई है। परिजनों के मुताबिक, रमाकांत पहले महिंद्रा वर्कशॉप में काम करता था लेकिन दो माह पहले नौकरी छोड़ दी थी। दंपति का एक बेटा भी है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।