PRATAPGARH NEWS: महिला पतंजलि योग समिति प्रतापगढ़ विभाग द्वारा स्वास्तिक बैंक्वेट हॉल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का कार्यक्रम पूरे भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महिला पतंजलि प्रभारी वंदना मिश्रा तथा मुख्य अतिथि जीजीआईसी अमेठी की प्रधानाचार्य डॉ. फूलकली पूनम, डॉ. गौरी अनामिका उपाध्याय और विशिष्ट अतिथि उषा सिंह, संगीता सिंह व आभा तिवारी ने मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत वंदना मिश्रा ने अंगवस्त्र पहनाकर किया। कार्यक्रम में सिद्धार्थ गर्ल्स इंटर कॉलेज पूर्वी सहोदरपुर की छात्राओं श्रद्धा, कशिश, ऋचा और नंदिनी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं आर्शेया जायसवाल ने कठिन योगासनों का प्रदर्शन कर योग के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम में मीना सिंह ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि इशिता ने महायोगी पर आधारित नृत्य से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। शिप्रा ने कविता पाठ किया और वेदांशी ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। इस दौरान समिति की सक्रिय बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. फूलकली पूनम ने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास महिलाओं की वीरता और साहस से भरा हुआ है, जिससे समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं डॉ. गौरी अनामिका उपाध्याय ने पतंजलि महिला समिति की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रतापगढ़ के लगभग हर घर में योग का कार्य पहुंच रहा है। कार्यक्रम का संचालन ऋचा सिंह एडवोकेट ने किया। मीडिया प्रभारी शालिनी जायसवाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और योगासनों की जानकारी दी तथा अंत में सुमन साहू ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में साधना, रुचि, प्रिया, कोमल, सेमल, लक्ष्मी, रेखा, ममता, मीना, कमला और सोनी सहित कई बहनों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर वर्षा गुप्ता, ज्योति शुक्ला, रेनू पांडे, दिव्या मिश्रा, शकुंतला, प्रतिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।







