Home उत्तर प्रदेश पड़रौना नगर पालिका बोर्ड बैठक पर सियासी घमासान,सभासदों की मांग के बीच...

पड़रौना नगर पालिका बोर्ड बैठक पर सियासी घमासान,सभासदों की मांग के बीच बैठक स्थगित

18 मार्च को प्रस्तावित नगर पालिका परिषद पडरौना की बैठक टली, सभासदों ने पहले ही उठाए थे निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर सवाल_
KUSHINAGAR NEWS:  नगर पालिका परिषद पडरौना की बोर्ड बैठक को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच 18 मार्च 2026 को प्रस्तावित बैठक को आखिरकार स्थगित कर दिया गया है। अधिशासी अधिकारी द्वारा 17 मार्च की जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, उक्त बैठक अब निर्धारित तिथि पर नहीं होगी और इसकी अगली तिथि की सूचना अलग से जारी की जाएगी। जारी नोटिस के मुताबिक, 7 मार्च 2026 को जारी सूचना के तहत 18 मार्च को दोपहर 3 बजे बोर्ड की अधिवेशन बैठक बुलाई गई थी, जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल द्वारा की जानी थी। हालांकि वर्तमान में संसद सत्र चलने के कारण परिस्थितियों को देखते हुए अध्यक्ष के निर्देश पर बैठक को स्थगित कर दिया गया है। इधर बैठक से पहले ही सभासदों द्वारा जिलाधिकारी कुशीनगर को पत्र भेजकर कई गंभीर आशंकाएं जताई गई थीं। सभासदों ने मांग की थी कि बैठक को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उपजिलाधिकारी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाए, पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभासदों का आरोप था कि नगर पालिका में उपसमितियों के गठन को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है। नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86(2) के तहत उपसमितियों के गठन हेतु पूर्व में भी बैठक बुलाने की मांग की गई थी, लेकिन समय पर बैठक नहीं होने से विवाद बढ़ता गया। बताया गया कि 28 फरवरी 2026 को आयोजित बैठक में भी अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर बहुमत की अनदेखी करने और बैठक की कार्यवाही को अधूरा छोड़ने के आरोप लगे थे। इससे सभासदों में नाराजगी और अविश्वास का माहौल बन गया था।