Home उत्तर प्रदेश पडरौना विद्युत उपकेंद्र पर लगेगा नया ट्रांसफार्मर, 9 मार्च को 6 घंटे...

पडरौना विद्युत उपकेंद्र पर लगेगा नया ट्रांसफार्मर, 9 मार्च को 6 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

लगभग 16 हजार उपभोक्ता होंगे प्रभावित, सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा शटडाउन

KUSHINAGAR NEWS:  विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पडरौना विद्युत उपकेंद्र पर नया पावर परिवर्तक (ट्रांसफार्मर) स्थापित किया जाएगा। इस कार्य के चलते सोमवार 9 मार्च 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग पडरौना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विद्युत उपकेंद्र पडरौना पर 5 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जा रहा है। इस इंस्टॉलेशन कार्य के कारण निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। अधिशासी अभियंता इंजीनियर सुरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता इंजीनियर शशिकांत गुप्ता तथा अवर अभियंता प्रदीप कुमार शर्मा की देखरेख में यह कार्य कराया जाएगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह 10 बजे से पहले बिजली से जुड़े अपने आवश्यक कार्य पूरे कर लें। अवर अभियंता प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि इस शटडाउन के कारण लगभग 16 हजार बिजली उपभोक्ता प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और अधिक सुचारु होगी तथा ओवरलोड की समस्या से भी राहत मिलेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्य पूर्ण होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।