KUSHINAGAR NEWS: ग्रामीणों को डिजिटल सेवाएं घर के पास सुलभ कराने के लिए गुरुवार को विकास खंड पडरौना परिसर में नवीन आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया।
सीएससी ई-गवर्नेंस के माध्यम से शुरू हुए इस केंद्र पर अब ग्रामीणों को आधार बनवाने, नाम-पता-मोबाइल नंबर संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। सीडीओ ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हर नागरिक तक पहुंचाना है। आधार आज पहचान का मूल दस्तावेज है, इसलिए ब्लॉक स्तर पर सेवा केंद्र खोलना जरूरी था। उन्होंने केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए सेवाएं बिना देरी और बिना असुविधा के दी जाएं। केंद्र पर नवीन आधार पंजीकरण निःशुल्क, नाम-पता-जन्मतिथि-मोबाइल अपडेट, बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट और अन्य तकनीकी सुधार की सुविधा मिलेगी। उद्घाटन में खंड विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष गुप्ता, सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय, सचिन उत्तम यादव, अरुण कुमार गोंड, अभिषेक सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







