FATEHPUR NEWS: नगर पंचायत असोथर के प्रेममऊ कटरा वार्ड में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए आफत बनकर आई। बारिश के चलते एक मकान की पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के सहारे बना छप्पर भी ढह गया। मलबे की चपेट में आने से नीचे खड़ी मोटरसाइकिल समेत गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि छप्पर के नीचे सो रहे परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक प्रेममऊ कटरा वार्ड निवासी ओमप्रकाश के मकान की पक्की दीवार गुरुवार सुबह करीब छह बजे अचानक गिर गई। दीवार गिरते ही उसके सहारे बना छप्पर भी धराशायी हो गया। हादसे के समय ओमप्रकाश की पत्नी और बच्चे छप्पर के नीचे सो रहे थे। दीवार और छप्पर गिरने की तेज आवाज से परिवार के साथ आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि मलबा परिवार के सदस्यों के ऊपर नहीं गिरा और सभी सुरक्षित बच गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और परिवार की मदद करते हुए मलबा हटाना शुरू किया। मलबे में दबने से घर में रखा खाने-पीने का सामान और गृहस्थी की अन्य वस्तुएं खराब हो गईं। वहीं छप्पर के नीचे खड़ी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। परिजनों के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवार में नमी आ गई थी और वह कमजोर हो गई थी। इसी के चलते गुरुवार सुबह अचानक दीवार गिर गई। हादसे के बाद परिवार के सामने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और गृहस्थी के सामान को दोबारा जुटाने की चिंता खड़ी हो गई है। हालांकि घटना में किसी के घायल न होने से परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि अचानक हुए हादसे से परिवार के सदस्यों में दहशत का माहौल बना हुआ है।







